*शादी घर मे पीएम आवास योजना के तहत बने घर की सीढ़ी ढह गई 1 महिला की मौत दुल्हन सहित 12 लोग घायल 6 गंभीर*

*शादी घर मे पीएम आवास योजना के तहत बने घर की सीढ़ी ढह गई 1 महिला की मौत दुल्हन सहित 12 लोग घायल 6 गंभीर*

वामन साहू - प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवास की पोल उस वक्त खुल गई जब एक शादी घर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए घर की सीढ़ी शादी समारोह में ढह गई। जिसमें एक महिला की मौत के साथ साथ दुल्हन सहित कुल 12 लोग घायल हो गए जिसमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बालोद जिले के अर्जुंदा थाना क्षेत्र के घिना गांव में दुल्हन के घर शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। लोग मनोरंजन के लिए नृत्य कर रहे थे साथ ही दुल्हन के हल्दी रश्म का कार्यक्रम भी चल रहा था। इसी दौरान दुल्हन के घर में बनी सीढ़ी अचानक ढह गई। आपको बता दें कि घर का आधा हिस्सा सीढ़ी से ढका हुआ था जिसके चलते दुल्हन सहित कई लोग सीढ़ी के नीचे ही डांस कर रहे थे। शादी समारोह मातम में उस वक्त तब्दील हो गया जब अचानक से सीढ़ी भरभरा कर गिर गई। आनन-फानन में गांव के दर्जनों लोग शादी घर में इकट्ठा हुए और सीढ़ी के नीचे दबे लोगों को बांस बल्ली के सहारे बाहर निकालने लगे। जैसे तैसे सभी दबे लोगों को बाहर निकाल कर कुछ लोगों को किराए की गाड़ी के सहारे अर्जुंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। तो वहीं घटना के बाद तत्काल अर्जुंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एंबुलेंस को सूचना दी गई। जिसके बाद बाकी बचे घायल लोगों को 108 एंबुलेंस के सहारे शासकीय अस्पताल अर्जुंदा पहुंचाया गया।

दुल्हन की बड़ी मां की मौत

मिली जानकारी के अनुसार हादसे के दौरान तीन लोग बेसुध हालत में थे। जिसमें से एक दुल्हन की बड़ी मां भी थी। जब अन्य घायलों के साथ तीनों बेसुध हालत वाले लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुंदा लाया गया तब मड़ियाकट्टा निवासी दुल्हन की बड़ी मां को मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दुल्हन के साथ साथ कुल 12 लोग इस हादसे में घायल हुए जिसमें से छह की हालत नाजुक बनी हुई है। नाजुक हालत वाले लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

सदमे में दुल्हन

हालांकि इस हादसे में दुल्हन को केवल सामान्य चोंट ही आई थी लेकिन शादी समारोह के दौरान मातम में तब्दील होने वाले इस हादसे को देखकर दुल्हन सदमे में है जिन्हें फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दौड़े भागे पहुंचे विधायक

घटना की जानकारी मिलते ही गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद अपने सभी कामों को छोड़कर दौड़े भागे अर्जुंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां विधायक ने सभी घायलों का हालचाल जाना तो वही हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।